सरायकेला : सरायकेला जिले में अवैध खनन और बालू–पत्थर के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस वर्चुअल बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि सितंबर माह में विशेष अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से 07 ट्रैक्टर, 03 जेसीबी, 01 ट्रक, 09 हाईवा, 02 हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और 02 डंपिंग मशीनें जब्त की गईं। लगभग 7.5 लाख घनफुट बालू जप्त किया गया तथा छह वाहनों से ₹2.45 लाख का जुर्माना वसूला गया और 07 प्राथमिकी दर्ज की गईं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को खनन विभाग के साथ मिलकर नियमित छापामारी करने को कहा। मिलन चौक, तिरुलडीह चेकपोस्ट और अन्य स्थानों पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चांडिल क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और उनकी सतत निगरानी पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि खनिज ढोने वाले सभी वाहन पूरी तरह ढके हों, जिससे प्रदूषण और दुर्घटनाओं की संभावना घटे। उपायुक्त ने सभी स्टॉक यार्डों का औचक निरीक्षण करने, बिना प्राधिकृत स्रोत के बालू मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने और जब्त बालू की शीघ्र नीलामी प्रारंभ करने के आदेश दिए।




