धनबाद : धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र स्थित एनएच-19 दिल्ली-हावड़ा रोड पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। सड़क पार कर रही बाईक सवार महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मृतका की पहचान निरसा के मागूडीह निवासी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाईक से महिला सड़क पार कर रही थी, तभी अचानक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि महिला का शव उठाए जाने के तुरंत बाद उसी स्थान पर एक और दुर्घटना हुई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निरसा क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पुलिस की लापरवाही और ट्रैफिक कंट्रोल के अभाव में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है।




