रांची: कोल्हान क्षेत्र में उत्पाद विभाग के अंदर मचे कोलाहल के बीच अब यह चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि अगली बारी किसकी होगी। विभाग के अंदर चल रही गड़बड़ियों, अवैध कारोबारियों से मिलीभगत और कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति जैसे मामलों को लेकर राज्य स्तर पर नजरें टेढ़ी हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो उत्पाद आयुक्त कार्यालय ने कई पदाधिकारियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी हुई है।
हाल ही में की गई आंतरिक जांच और खुफिया रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के बजाय विभाग के कुछ कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसी आधार पर राज्य स्तरीय अधिकारी द्वारा “कभी भी कार्रवाई की जा सकती है, और पदाधिकारीयों पर गाज गिर सकती है”।

सूत्रों के अनुसार, कुछ पदाधिकारीयों की बार-बार शिकायतें मिल रही हैं, जिस पर विभाग की नजरे टेढ़ी बनी हुई है। राज्य स्तर पर यह माना जा रहा है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो विभाग की छवि पर बुरा असर पड़ेगा। जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अब पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह है कि कोल्हान के उत्पाद विभाग में अगली गाज किस पर गिरती है और क्या वास्तव में यह कार्रवाई विभाग की साख बहाल कर पाएगी या फिर यह सिर्फ एक और औपचारिकता बनकर रह जाएगी।




