जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख की बड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और लूटे गए कीमती सामान बरामद किए हैं. सिटी एसपी शिवाशीष ने बताया कि 9 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे रामनगर रोड नंबर-2 निवासी दीप राज सिंह के घर में 7 से 8 नकाबपोश युवक हथियार लेकर घुस गए थे.

आरोपियों ने घरवालों को एक कमरे में बंधक बनाकर करीब 20 लाख रुपए के जेवर और कीमती सामान लूट लिए थे. इस घटना के बाद थाना में कदमा कांड संख्या 96/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. टीम ने पेशेवर तरीके से अनुसंधान करते हुए इस मामले का उद्भेदन कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मो० सद्दाम, फहीम आलम, कृष्णा लौहार उर्फ पाड़ी, सयोराज सिंह उर्फ जस्से पाजी और कुनाल सिंह मुंडा शामिल हैं. इनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, सोने का ब्रेसलेट, टाइटन कंपनी की घड़ी, एक स्कूटी और एक CNG ऑटो बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पूर्व में हत्या, चोरी और गृहभेदन जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रह चुके हैं. फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.




