Sarsikela (संजीव मेहता) : सरायकेला-खरसावां जिले के दलमा अभ्यारण्य में मंगलवार को धूमधाम से हथिनी ‘रजनी’ का 16वां जन्मदिन मनाया गया. इस मौके पर 16 पाउंड का केक काटा गया, क्षेत्र की विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं.
* ग्रामीण और स्कूली बच्चे रहे मौजूद- इस खास उत्सव को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली बच्चे पहुंचे थे. जन्मदिन समारोह में इचागढ़ विधायक सविता महतो, डीएफओ सबा आलम अंसारी और रेंजर दिनेश चंद्रा समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे.

हर साल की तरह इस बार भी दलमा अभयारण्य के मुख्य द्वार को गुब्बारों और सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था, साथ ही, आसपास के स्कूलों के बच्चों ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई.
* 16 वर्ष पूर्व गड्ढे में मिली थी रजनी- डीएफओ सबा आलम ने बताया कि करीब 16 वर्ष पूर्व रजनी पीलीद गांव के पास एक गड्ढे में घायल अवस्था में मिली थी. वन विभाग ने उसे 7 अक्टूबर को रेस्क्यू किया था, उस समय वह सिर्फ तीन साल की थी. तब से हर साल 7 अक्टूबर को उसका जन्मदिन मनाया जाता है. पहले रजनी दलमा के मुख्य द्वार के पास रहती थी, लेकिन अब उसकी बेहतर देखभाल और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे एक नए शेड में स्थानांतरित किया गया है.




