Saraikela (संजीव मेहता) : दुर्गा पूजा में आदित्यपुर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त रहेगी. चूंकि यहां श्रद्धालुओं की अपार भीड़ लगती है. जिसे देखते हुए पार्किंग की व्यवस्था पंडाल संचालकों के साथ विशेष बैठक कर की जाएगी. उक्त बातें रविवार को आदित्यपुर थाना में शांति समिति की बैठक के उपरांत सरायकेला एसडीपीओ समीर सवैया ने मीडियाकर्मियों से कही. उन्होंने कहा कि सड़क पर किसी तरह की पार्किंग नहीं होगी.
आज सम्पन्न शांति समिति की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं. जिसमें मुख्य रूप से असामाजिक तत्वों से निबटने के लिए पंडाल संचालकों को पंडाल में आवश्यक रूप से सीसीटीवी लगानी होगी, उन्हें आगजनी जैसी आशंकाओं को देखते हुए फायर सिस्टम और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी आवश्यक रूप से करनी होगी. उन्होंने बताया कि इसके अलावा नगर निगम को सफाई व्यवस्था और बिजली विभाग को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेवारी सौंपी गई है.

जबकि ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह ही जय प्रकाश उद्यान और राम मड़ैया बस्ती साइड में मेजर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, षष्ठी के दिन से दोपहर 2 बजे से सभी तरह के कॉमर्शियल वाहनों के आदित्यपुर में प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा. आज की बैठक में प्रशिक्षु डीएसपी पूजा कुमारी, बीडीओ प्रवीण कुमार, सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य अधिवक्ता ओम प्रकाश, रविन्द्र नाथ चौबे, कर्नल आरपी सिंह, एस टाइप पंडाल कमेटी के मुख्य संरक्षक मनोज सिंह, सुरेश धारी, समरेंद्र नाथ तिवारी, पूर्व पार्षद नीतू शर्मा, जूली महतो, भाजपा नेत्री रितिका मुखी, ब्रजेश पति तिवारी, शेख हसन, भगलु सोरेन, कृष्ण गोपाल पिंटू समेत सैंकड़ों लोग मौजूद थे.




