सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश के आलोक में सरायकेला अंचल अधिकारी हिम्मतलाल महतो द्वारा अंचल क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से दुगनी, विजय मुड़िया एवं आस-पास के अन्य गांवों का निरीक्षण किया गया। वर्तमान में सरायकेला जिला अत्यधिक वर्षा से प्रभावित है, जिससे जन-धन की क्षति की आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी कदम उठाया जा रहा है ।
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में सभी राजस्व उप निरीक्षकों (RSI) को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने हल्का क्षेत्र का सम्यक निरीक्षण करें तथा सरकारी एवं निजी जर्जर भवनों की सूची यथाशीघ्र अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराएं। यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है ताकि अतिवृष्टि के दौरान संभावित खतरे वाले भवनों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके।

भ्रमण के दौरान यह भी देखा गया कि कई पुराने एवं जर्जर भवन अब भी उपयोग में हैं, जिससे किसी भी समय अप्रत्याशित दुर्घटना हो सकती है। अतः RSI द्वारा ऐसे भवनों की पहचान कर ग्रामीणों को सतर्क करने और सुरक्षित जगह पर जाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग लेकर संभावित शेल्टर स्थलों की सूची तैयार करने की बात कही गई है।



