धनबाद:धनबाद जिले के कतरास थाना में पदस्थापित सागर लाल महथा को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हत्या, लूट तथा अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं के त्वरित उभेदन में उनकी सक्रियता और दक्षता सराहनीय रही है। अपराध की सूचना मिलते ही वे तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचते हैं और मामले की गहन जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त करते हैं।

उनके नेतृत्व में कई संगठित अपराधियों के गिरोह का पर्दाफाश किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी। सागर लाल महथा न केवल अपराध नियंत्रण में प्रभावी रहे हैं, बल्कि जनसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। वे समय-समय पर थाना क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं।स्थानीय नागरिकों के साथ उनका मधुर और सहयोगी व्यवहार पुलिस-जन संबंधों को मजबूत करने में सहायक रहा है। उनकी कार्यशैली में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, सटीक जांच-पड़ताल और टीमवर्क की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। यही कारण है कि उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग और कतरास थाना के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।




