रांची : पलामू जिले के सरकारी अस्पतालों में घटिया गुणवत्ता की दवाओं की आपूर्ति का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई जांच में पता चला कि सप्लाई की गई दवाएं मानकों पर खरी नहीं उतरीं। जिला भंडार और तरहसी पीएचसी से कुल 62 दवाओं के नमूने लिए गए थे, जिनमें से 20 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इन 20 नमूनों में से 18 दवाएं गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाई गईं।

यह रिपोर्ट कोलकाता की सेंट्रल ड्रग लेबोरेट्री से आई है। खास बात यह है कि इन दवाओं में कैल्शियम और विटामिन डी3 की मात्रा निर्धारित सीमा से बहुत कम पाई गई, कुछ में तो केवल 5% से भी कम था। ये दवाएं एक गुजरात स्थित फार्मा कंपनी द्वारा बनाई गई थीं और जमशेदपुर के एक सप्लायर के माध्यम से भेजी गई थीं। जिला औषधि निरीक्षक कैलाश मुंडा के अनुसार, इन दवाओं की आपूर्ति पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिंह ने पुष्टि की कि ये दवाएं अभी तक किसी भी अस्पताल में मरीजों को नहीं दी गई हैं। शेष 42 नमूनों की रिपोर्ट आनी बाकी है।




