सरायकेला : झारखंड के सरायकेला जिले में मंईयां सम्मान योजना का अनुचित लाभ उठाने के मामले में छह महिलाओं को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। बीडीओ यस्मिता सिंह ने बताया कि इन महिलाओं के परिजन राज्य के शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उन्होंने योजना की राशि प्राप्त की।

यह योजना उन महिलाओं के लिए है जिनकी उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच है और जिनका कोई भी नजदीकी सदस्य सरकारी सेवा में नहीं है। नियमों का उल्लंघन कर लाभ लेने वालों में अधूरी देवी, संजू नायक, संध्या देवी, शीला प्रमाणिक, दशमी हेम्ब्रम और सोनाली गोड़सोरा शामिल हैं। अब इन सभी को दो दिन के अंदर प्रखंड कार्यालय में योजना की पूरी रकम लौटाने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समयसीमा में भुगतान नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बीडीओ ने यह भी कहा कि प्रशासन इस तरह के मामलों में अब कोई नरमी नहीं बरतेगा और अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कदम सरकार की योजनाओं की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए उठाया गया है।




