दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई और इसका केंद्र दिल्ली में था। भूकंप सुबह 5:36 बजे आया, जिसके बाद घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर था, जिससे झटके अधिक प्रभावी लगे। भूकंप के कारण कई इलाकों में इमारतें हिलने लगीं, और पेड़ों पर बैठे पक्षी भी अचानक उड़ने लगे। झटकों की तीव्रता अधिक महसूस होने के कारण कई लोगो की नींद खुल गई और वे तुरंत घरों से बाहर आ गए।

हालांकि रिक्टर स्केल पर 4.0 तीव्रता का भूकंप सामान्य माना जाता है, लेकिन इसका केंद्र दिल्ली में होने के कारण इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। भूकंप के कारण अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन लोग डर के कारण काफी देर तक खुले स्थानों में खड़े रहे। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सतर्क रहें। भूकंप के झटकों के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।




