जमशेदपुर : जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। हालांकि, जनप्रतिनिधि इन घटनाओं पर अफसोस जताते हैं, लेकिन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते। शहर के विभिन्न इलाकों, खासकर पीएम मॉल के पास, व्हाइट लाइन के बाहर अवैध पार्किंग की समस्या बनी हुई है। बिष्टुपुर ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में JNAC के संवेदक से जानकारी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि पार्किंग को लेकर संवेदक और JNAC के बीच हुए अनुबंध की शर्तें अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। यदि संवेदक आवश्यक दस्तावेज नहीं प्रस्तुत करता और अवैध पार्किंग जारी रखता है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पार्किंग संवेदक के कर्मचारियों का कहना है कि पहले भी बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी की जानकारी में व्हाइट लाइन के बाहर पार्किंग होती रही है और आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिला प्रशासन और यातायात पुलिस केवल कागजों पर जागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। पीएम मॉल के सामने अवैध रूप से तीन-चार कतारों में वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे सड़क का आधा हिस्सा बाधित हो जाता है। शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन को सख्ती बरतने की जरूरत है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।




