उत्तर प्रदेश : नए साल के पहले दिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना नाका क्षेत्र स्थित होटल शरणजीत में 24 वर्षीय अरशद ने अपने परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी। मृतकों में अरशद की मां अस्मा और चार बहनें—आलिया (9 वर्ष), अल्शिया (19 वर्ष), अक्सा (16 वर्ष), और रहमीन (18 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह हत्याकांड पारिवारिक विवाद का नतीजा है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को बुलाकर सबूत जुटाए गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीसीपी रवीना त्यागी ने जानकारी दी कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।

पूछताछ में अरशद ने स्वीकार किया कि उसने पारिवारिक कलह के कारण इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। मामले में विस्तृत जांच जारी है और पुलिस कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है, और इसे लेकर हर तरफ शोक और आक्रोश की लहर है।




