रांची : झारखंड में सरकार बनते ही एक्शन में आते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के डीजीपी सहित दो आईपीएस को सरकार द्वारा ट्रांसफर पोस्टिंग कर दिया गया। झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले और पदस्थापन किए हैं। गुरुवार रात जारी अधिसूचना के अनुसार, एसीबी डीजी के पद पर कार्यरत अनुराग गुप्ता को झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अनुराग गुप्ता को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपना विभाग में एक अहम बदलाव माना जा रहा है। वहीं, वर्तमान डीजीपी अजय कुमार को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के पीछे प्रशासनिक जरूरतों और विभागीय पुनर्गठन को कारण बताया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, अजीत पीटर डुंगडुंग को देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात किया गया है। यह नियुक्ति देवघर में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से की गई है। इसी प्रकार, अंबर लकड़ा को झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) की तीसरी बटालियन के कमांडेंट के पद पर पदस्थापित किया गया है। झारखंड पुलिस में यह फेरबदल राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। सरकार द्वारा इन स्थानांतरणों और पदस्थापनों को विभाग की कार्यकुशलता बढ़ाने और राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में एक अहम फैसला देखा जा रहा है।




