सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौरी में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति ने घाटों की सफाई का कार्य आरंभ कर दिया है। हर साल की तरह इस वर्ष भी समिति के सदस्य घाटों की स्वच्छता और सजावट में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। छठ पूजा बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में धूमधाम से मनाई जाती है, और इसे श्रद्धा और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व के दौरान व्रतधारी उगते व डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इस दौरान उन्हें नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे घाटों पर विशेष पूजा अर्चना करनी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्य घाटों की सफाई पर विशेष ध्यान दे रहे हैं ताकि व्रतियों को पूजा के समय कोई कठिनाई न हो। घाटों पर सफाई कार्य के साथ-साथ वहाँ सजावट का कार्य भी किया जा रहा है।

ताकि आस्था के इस पर्व में भक्तजन बिना किसी रुकावट के अपनी पूजा सम्पन्न कर सकें। गौरतलब है कि छठ पर्व के समय बड़ी संख्या में लोग घाटों पर एकत्रित होते हैं, इसीलिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति के सदस्य प्रशासन के सहयोग से इस बात का भी ध्यान रख रहे हैं कि घाटों पर व्यवस्था सुचारू बनी रहे और कोई अनहोनी न हो। छठ पूजा समिति का यह प्रयास इस पर्व की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए अत्यंत सराहनीय है।




