सरायकेला : मंगलवार को नहाय खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू होगा. आदित्यपुर में भी लोग बड़ी संख्या में छठ का व्रत रखते हैं. बिहार और यूपी के लोगों की संख्या आदित्यपुर में काफी अधिक है. जिस कारण छठ की रौनक और लोगों का उत्साह यहां देखते ही बनता है. बता दें कि मंगलवार को नहाय खाय अर्थात कद्दू भात है. जिसकी तैयारी में व्रती दो दिन पूर्व से ही लग गए हैं. हाट बाजारों में कद्दू के साथ साथ विभिन्न पूजन सामग्री और फल खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है. मंगलवार को कद्दू भात के बाद कल बुधवार को लोहंडा यानि खरना है. लोहंडा की पूजन विधि के बाद छठ व्रतियों के द्वारा प्रसाद ग्रहण के बाद लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे. प्रसाद ग्रहण के बाद से छठ व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगी. इसके बाद गुरुवार को पहला अर्घ्य की तैयारी में श्रद्धालु जुट जाएंगे. विभिन्न छठ घट पर पहला अर्घ्य के दिन अस्तचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके बाद अगले दिन शुक्रवार की सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ का समापन हो जाएगा.

आदित्यपुर के वार्ड 17 स्थित कॉलोनी में भी छठ की छटा अभी से देखने को मिल रही है. 22 वर्षों से आस्था का महापर्व छठ कर रही यहां की निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा बताती हैं कि मंगलवार को कद्दू भात और बुधवार को खरना को देखते हुए वे आज से ही गेहूं, चावल और चना का दाल आदि चुनने बिछने में लग गई हैं. कॉलोनी में छठ के गीत बजने शुरू हो गए हैं जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया है।




