रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को रांची का दौरा किया। राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे होटल रेडिसन ब्लू पहुंचे, जहां कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के नेताओं से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल गांधी की मुख्य उपस्थिति ‘संविधान सम्मेलन’ में रही, जो शौर्य सभागार में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के 500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस सम्मेलन का उद्देश्य संविधान और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना था, जिससे झारखंड के लोगों के बीच जागरूकता फैलाई जा सके। झारखंड विधानसभा चुनावों के दृष्टिकोण से राहुल गांधी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां वे जनता और विभिन्न संगठनों से संवाद कर पार्टी की स्थिति को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। आगामी चुनावों में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के लिए यह दौरा एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें गठबंधन के नेताओं के बीच सामंजस्य और एकजुटता को बढ़ाने का प्रयास किया गया।




