सरायकेला : पश्चिम सिंहभूम जिले में आगामी 13 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त हरि कुमार केसरी के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई। रैली की शुरुआत जिला समाहरणालय परिसर से की गई, जहां गुब्बारे उड़ाकर और साइकिल चलाकर मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया गया। रैली शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए एसोसिएशन ग्राउंड तक पहुंची, जहां मतदाता शपथ दिलाई गई। प्रमंडलीय आयुक्त केसरी ने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे 13 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अवश्य मतदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें।

इस अवसर पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी, स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल, और जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे। रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।




