धनबाद : विधानसभा चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस ऑफिसरों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और त्रुटिरहित चुनाव संपन्न कराना था। उपायुक्त माधवी मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता और शांति बनाए रखना इन अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के हर पहलू को गंभीरता से सुना जाए और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाए। साथ ही, सभी को शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराकर ध्यानपूर्वक प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, 27 अक्टूबर को पुनः प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिकारियों के मन में उठे सवालों का समाधान किया जाएगा। मीडिया से बातचीत के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी 11 इंटर स्टेट और 5 इंटर डिस्ट्रिक्ट चेक पोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं, जहाँ हर आने-जाने वालों की गहन जांच की जाएगी। इन चेक पोस्टों पर अधिकारियों की तैनाती और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा, सभी चेक पोस्टों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी वेब कास्टिंग की जा रही है।

चुनाव के दौरान नगदी, शराब, ज्वेलरी, नशीले पदार्थ और अन्य प्रलोभन सामग्री पर कड़ी नजर रखने और उन्हें जब्त करने का निर्देश भी दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में एनफोर्समेंट एजेंसियों के साथ भी बैठक की गई है, जिसमें सघन जांच के आदेश दिए गए हैं। इस बैठक में सिटी एसपी अजीत कुमार और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।




