रांची : रांची रेल मंडल में आरपीएफ द्वारा गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार “ऑपरेशन नारकोस” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत, आरपीएफ के मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर बीते दिन हटिया स्टेशन पर विशेष जांच की गई। इस जांच का पर्यवेक्षण आरपीएफ रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने किया। शाम लगभग 7 बजे, आरपीएफ पोस्ट हटिया, आरपीएफ रांची की फ्लाइंग टीम, और जीआरपी हटिया ने प्लेटफार्म संख्या 02 पर संयुक्त जांच की। इस दौरान, वहां बिना वारिस के 02 ट्रॉली बैग, 02 पिट्ठू बैग और 01 अन्य बैग पाया गया। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ के बावजूद कोई भी इन बैगों का दावेदार नहीं मिला। संदेह होने पर बैगों की तलाशी ली गई और उनमें गांजा जैसा पदार्थ मिला। सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर, गांजा के 20 पैकेटों का डीडी किट से परीक्षण किया गया, जिसमें वह पदार्थ गांजा ही निकला।

इन पैकेटों का कुल वजन 41 किलोग्राम था और इसका अनुमानित बाजार मूल्य 4,10,000 रुपये आंका गया। आरपीएफ द्वारा उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में इस गांजे को जब्त कर लिया गया। यह घटना रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और नशे की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का उदाहरण है। ऑपरेशन नारकोस के तहत इस प्रकार की लगातार कार्रवाइयों से तस्करों पर नकेल कसने का प्रयास जारी है।




