सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से सुधारने के लिए यातायात थाना प्रभारी राजेश सिंह द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रैफिक विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर पहलुओं पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और कंट्रोल करने के लिए आज बड़ी पहल हुई है। जिसको लेकर चेन्नई की कंपनी जेडएफ इंडस्ट्री की ओर से सीएसआर के तहत जिले के कुल 7 स्थलों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम प्रारंभ किया गया है। शुरुआत आदित्यपुर आकाशवाणी चौक से हुई है।

इस मौके पर ट्रैफिक प्रभारी राजेश कुमार सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, सेवानिवृत डीएसपी और जेडएफ कंपनी के अधिकारी अरविंद कुमार, भाजपा नेता रमन चौधरी, भोगेन्द्र झा, रवींद्रनाथ चौबे आदि अन्य लोग उपस्थित रहे । ट्रैफिक प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण ट्रैफिक सिग्नल का होना जरूरी था।जिसे जेडएफ कंपनी ने सीएसआर के तहत इसकी शुरुआत की है। इससे न केवल ट्रैफिक नियंत्रण होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। बताया कि पहले चरण में जिले के कुल 7 स्थान पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम शुरू किया गया है. आने वाले दिनों में इसका विस्तार किया जाएगा. उन्होंने जिले वासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।




