रांची : झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर चुनाव आयोग की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम आज रांची पहुंची, जिसमें निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधु, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह टीम दो दिन के दौरे पर राज्य में आई है, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त और उनकी टीम आज विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारी अधिकारियों के साथ बैठकों का आयोजन कर रही है। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक होगी, जिसमें चुनाव से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद, दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक इन्फोर्समेंट एजेंसियों से जुड़े 21 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक होगी, जिसमें चुनावी तैयारियों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, दोपहर 3:30 से 5 बजे तक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और नोडल पुलिस अधिकारी तैयारियों का प्रजेंटेशन देंगे।

इस दौरान मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ भी राज्य के सुरक्षा हालात पर चर्चा की जाएगी। 24 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आईजी, डीआईजी, प्रमंडलीय आयुक्त, डीसी, एसएसपी और एसपी के साथ मैराथन बैठकें होंगी, जिनमें राज्य के चुनावी सुरक्षा और प्रबंधों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरे को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। हालांकि, राजनीतिक दलों के बीच पहले से ही सरगर्मी बढ़ गई है, और इस दौरे के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा गृह सचिव वंदना दादेल के पत्र पर सवाल उठाए जाने की संभावना भी है। 24 सितंबर को टीम दिल्ली लौट जाएगी।




