रांची : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सांसद-विधायक निधि, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR), खेल और पर्यटन योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कॉरपोरेट प्रतिनिधि शामिल हुए। उपायुक्त ने सीएसआर प्रयासों को ज़मीनी स्तर पर बदलाव लाने वाला बनाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि कंपनियों को ऐसे क्षेत्र चिन्हित करने चाहिए, जहां उनके योगदान से समाज के उपेक्षित वर्गों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, जल संरक्षण, कौशल प्रशिक्षण व रोजगार सृजन को सीधा लाभ हो।उन्होंने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने और ज़रूरतों के अनुसार योजनाएं बनाने का सुझाव दिया। सांसद-विधायक निधि से स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए गए। खेल अधोसंरचना को मज़बूत करने और ग्रामीण युवाओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही गई। उपायुक्त ने कहा कि जिला संसाधनों से समृद्ध है, बस ज़रूरत है बेहतर तालमेल और प्रतिबद्ध कार्यान्वयन की। सभी विभागों को संयुक्त प्रयासों से योजनाओं को ज़मीन पर उतारने का निर्देश दिया गया।




