सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के जिला उपयुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी द्वारा चलाए जा रहे छापामारी अभियान से बालू माफियाओं और दलालों में हड़कंप मचा हुआ है। उपायुक्त के निर्देश मिलने के बाद से लगातार जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामारी अभियान की कार्रवाई की जा रही है, और गाड़ियों को पकड़कर एफआईआर दर्ज किए जा रहे हैं। जिले में अवैध खनन पर नकेल कसने को लेकर उपायुक्त के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिला खनन पदाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए चौका एवं ईचागढ़ थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने बालू के अवैध भंडारण एवं परिवहन की शिकायतों के आलोक में चौका थाना क्षेत्र के पातकूम रोड पर औचक निरीक्षण के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू लदे पकड़ा गया। टीम ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की। इसके बाद ईचागढ़ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय पुलिस की सहायता से दो और ट्रैक्टरों को जब्त किया गया, जो अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे थे।

खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लिप्त माफियाओं एवं दलालों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि खनन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि की जानकारी हो, तो वह तुरंत संबंधित अधिकारियों को एवं हमें को सूचित करें।




