चांडिल : चांडिल क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की ओर से जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार जारी है। सोमवार को तिरुलडीह गांव में लगभग 17 हाथियों का झुंड पहुंचा, जिनमें कुछ छोटे हाथी भी हैं। उनके आने से ग्रामीण और किसान काफी चिंतित हैं, क्योंकि खेतों में धान की फसल पकने के करीब है। लोग डर रहे हैं कि यह झुंड रात के समय खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है।

जानकारी के अनुसार, यह समूह रविवार को पश्चिम बंगाल से चांडिल के सिरुम जंगल आया था और अब तिरुलडीह के पास जंगल में डेरा डाले हुए है। हाथियों के गांव की ओर बढ़ने की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं, वन विभाग ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की एक टीम को इलाके में तैनात कर दिया है। चांडिल के वन क्षेत्र अधिकारी शशि प्रकाश ने बताया कि तिरुलडीह के जंगल में सभी 17 हाथी मौजूद हैं और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ग्रामीणों से अपील कर रहा है कि वे सावधानी बरतें और हाथियों से दूर रहें ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।




