गिरिडीह :जाको राखे साइयां, मार सके न कोय—यह कहावत बुधवार की रात तिसरी प्रखंड के लोकाय थाना क्षेत्र में सच साबित हुई। करमाटांड के आगे पुल के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबकर फंस गया। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से चालक को बचाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन मंगवाई गई और करीब तीन घंटे बाद ट्रैक्टर के इंजन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमुई भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चालक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



