सरायकेला (संजीव मेहता) : एनआरआईआईसी प्रतिनिधिमंडल की DPIIT एवं Invest India के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज महत्वपूर्ण बैठक हुई. जिसमें झारखंड के स्टार्टअप एवं औद्योगिक विकास को नया बल मिलने की उम्मीद है. भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक का उद्देश्य झारखंड में स्टार्टअप, नवाचार और औद्योगिक निवेश को सशक्त करना है. प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त सचिव, DPIIT एवं Startup India मिशन के प्रमुख संजीव सिंह ने संचालकों से भेंट की.

इस बैठक में विशेष रूप से पूर्वी भारत के टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने पर चर्चा की गई. जहां प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. किन्तु पूंजी, मार्गदर्शन, बाजार संपर्क एवं बुनियादी ढांचे की चुनौतियां अभी भी विद्यमान हैं. एनआरआईआईसी द्वारा झारखंड के आकांक्षी जिलों एवं जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को Startup India की राष्ट्रीय पहलों से जोड़ने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. प्रतिनिधिमंडल ने अपर सचिव हिमानी पांडेय से भी महत्वपूर्ण मुलाकात की. जिसमें झारखंड सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने के उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव के कारण उनके मार्गदर्शन को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया. इस दौरान एनआरआईआईसी द्वारा झारखंड में संचालित विभिन्न स्टार्टअप प्रोत्साहन कार्यक्रमों, इनक्यूबेशन गतिविधियों, युवाओं के लिए नवाचार कार्यक्रमों तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम निर्माण के प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई. प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने हेतु उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया.




