जमशेदपुर : तकनीकी शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अरका जैन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी द्वारा इंस्टीट्यूशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर्स (आईईटीई) स्टूडेंट फोरम (आईएसएफ) का उद्घाटन किया गया। यह फोरम विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान बढ़ाने, अनुसंधान गतिविधियों में भाग लेने और उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में आईईटीई के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, जोनल मेंटर प्रो. जे. के. मंडल, आईईटीई झारखंड के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार सिंह तथा मानद सचिव डॉ. अभय कुमार मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. एस. रज़ी, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव तथा स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी के सहायक डीन डॉ. अश्विनी कुमार मौजूद रहे। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को आईईटीई जैसे प्रतिष्ठित पेशेवर संगठन से जुड़कर नई तकनीकों, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं को समझने, तकनीकी कौशल विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आईईटीई की गतिविधियों, सदस्यता के लाभों तथा भविष्य में आयोजित होने वाले तकनीकी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें शोध, परियोजनाओं, कार्यशालाओं और तकनीकी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रमाण-पत्र वितरण, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। आईईटीई स्टूडेंट फोरम की स्थापना से विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता, पेशेवर नेटवर्किंग और रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल अरका जैन विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और नवाचार की संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाएगी।






