जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत् बरण महतो ने सोमवार को उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात कर जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पोटका एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते मलेरिया के मामलों पर चिंता जताई।
सांसद ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मलेरिया की रोकथाम के लिए लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों (कैंप) को फिलहाल नहीं हटाया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी भी मलेरिया का खतरा बना हुआ है और चार दिन पहले ही एक चार वर्षीय बच्चे की मलेरिया से मौत हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य शिविरों का संचालन लगातार जारी रखना आवश्यक है, ताकि समय पर जांच, उपचार और दवा उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, दवा छिड़काव, साफ-सफाई, मच्छर नियंत्रण अभियान और लोगों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देने का अनुरोध किया। सांसद ने जिले के अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी प्रशासन के साथ चर्चा करते हुए त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उपायुक्त और एसएसपी ने संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।






