जमशेदपुर : पटमदा थाना परिसर में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत पुलिस-पब्लिक रिलेशन रिफॉर्म मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक, पटमदा ने की। थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और लोगों से सहयोग कि अपील की। बैठक में जिला परिषद सदस्य, विधायक प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के अन्य सम्मानित नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, समन्वय एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना था। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।






