रांची : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर राज्य की कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस परिवार की ओर से सामने आ रही शिकायतें तथ्यात्मक हैं, तो यह स्थिति पूरे पुलिस महकमे के लिए बेहद चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
अपने पत्र में मंत्री ने आरोप लगाया कि कई रसूखदार व्यक्तियों, भू-माफियाओं तथा अवैध खनन से जुड़े लोगों को नियमों की अनदेखी कर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उनका कहना है कि इससे पुलिस बल के सीमित संसाधनों का अनुचित उपयोग हो रहा है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। राधाकृष्ण किशोर ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने पहले भी विभिन्न मुद्दों पर कई पत्र भेजे थे, लेकिन अब तक किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसे उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही की कमी का संकेत बताया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त वाहन की मांग निजी सुविधा के लिए नहीं, बल्कि उनके साथ तैनात सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। मंत्री ने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने सुरक्षा मानकों की पुनर्समीक्षा कर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।






