जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध बालू के उत्खनन के कारोबार खुलेआम बेधड़क बे रोक-टोक के चल रहे हैं। जिसका उदाहरण बिरसानगर थाना क्षेत्र के मोहरदा जलापूर्ति के समीप स्वर्णरेखा नदी के तट पर अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। बिरसानगर पुलिस द्वारा कभी कभार कार्रवाई दिखाने के लिए कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा लिया जाता है। जिसका उदाहरण अवैध बालू लदे तीन 407 ट्रकों को जब्त कर कार्रवाई किया गया हैं। पुलिस के पहुंचते ही अवैध खनन में शामिल सभी लोग मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी से अवैध रूप से बालू उठाव की लगातार शिकायत किए जा रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान तीन 407 ट्रकों को बालू लोड करते हुए पकड़ा गया है। पुलिस को देखते ही ट्रक चालक और मजदूर मौके से भाग निकले। पुलिस ने जब्त ट्रकों को थाना परिसर में लाकर खड़ा किया है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। ट्रकों के नंबर और मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अवैध बालू खनन के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह बालू कहां ले जाया जा रहा था।

अवैध खनन से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है बल्कि सरकारी राजस्व का भी बड़ा नुकसान होता है। प्रशासन ने पहले भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है, लेकिन इसके बावजूद इस प्रकार की गतिविधियां जारी हैं। बिरसानगर थाना प्रभारी विवेक कुमार पंडित ने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। और दोषियों पर कानून के तहत करवाई किया जाएगा।




