जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने अवैध कारोबार, लॉटरी और सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता से सूचना देने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध पर लगाम और नियंत्रण बनाए रखने के लिए जनता की सहयोग और सूचना अत्यंत आवश्यक है।
सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को भी अपने आसपास अवैध शराब बिक्री, लॉटरी, सट्टा, जुआ, नशीले पदार्थों की तस्करी या अन्य किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी भय के सीधे पुलिस को सूचना दे सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, ताकि किसी को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कुमार शिवाशीष ने कहा कि बीते कुछ दिनों में पुलिस ने अवैध कारोबार से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई की है और आगे भी ऐसे तत्वों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सट्टा और लॉटरी जैसे अवैध धंधे न सिर्फ युवाओं को अपराध की ओर धकेलते हैं, बल्कि समाज में आर्थिक और सामाजिक असंतुलन भी पैदा करते हैं।
सिटी एसपी ने आम नागरिकों से जागरूक रहने और पुलिस के साथ मिलकर शहर को सुरक्षित बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर एक सूचना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है और समय पर मिली जानकारी से बड़े अपराधों को रोका जा सकता है। पुलिस प्रशासन अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाता रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




