जमशेदपुर : टेल्को रेक्रिएशन क्लब में 27 नवंबर की शाम हुई मारपीट की घटना को लेकर अब नए खुलासे सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो लोग बच्चों और प्रशिक्षक सुनील कुमार के साथ मारपीट कर रहे थे, वहीं आरोपी समूह ने उल्टा पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शिल्पी दास के साथ आए 15–16 युवकों ने पहले ताइक्वांडो प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की।
कई नाबालिग बच्चे इस हिंसा का शिकार हुए। लेकिन हैरानी की बात यह है कि बाद में इन्हीं लोगों ने पहले पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवा दी, जिससे पीड़ित पक्ष हैरान और परेशान है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान मौजूद टेल्को थाना की पीसीआर वैन ने हस्तक्षेप नहीं किया और पूरी घटना देखते हुए भी कोई कार्रवाई करने की कोशिश नहीं की।

पीड़ित पक्ष और अभिभावकों की मांग- आज बड़ी संख्या में अभिभावक और ताइक्वांडो प्रशिक्षक सुनील कुमार टेल्को थाना पहुंचे और आरोपियों पर निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की। बच्चों को लगी चोटों को देखते हुए लोगों ने कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि फर्जी शिकायत के जरिए असली पीड़ितों को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं कि अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेंगे।




