जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में 15 मार्च को होली खेलने के दौरान दो युवकों के बीच हुए मारपीट के मामले में आरोपी के अलावा दो निर्दोषों को भी जेल भेजने का मामला एसपी ऑफिस पहुंचा। परिवार वालों ने एसएसपी से भेंट कर स्थिति से अवगत कराते हुए जानकारी दी की वे लोग ह्यूम पाइप छाया नगर के रहने वाले हैं, 15 मार्च को होली खेलने के दौरान मोहित मंडल और कुंदन राम दोनों दोस्त नशे में आकर एक दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे इसी क्रम में मोहित के द्वारा फेके गए पत्थर से कुंदन घायल हो गया, जिसके बाद परिवार वालों ने कुंदन को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, वही घटना के कुछ घंटे बाद कुंदन के भाई ने मोहित के बड़े भाई विकास मंडल को फोन कर एमजीएम अस्पताल यह कहकर बुलाया उसके भाई को काफी चोट लगी है आकर देखें।

इसके बाद विकास मंडल अपने साथी सागर और भगना अनीश के साथ एमजीएम पहुंचा लेकिन वहां पहुंचते ही कुंदन के भाई और अन्य युवकों ने उसकी वहां जमकर पिटाई कर दी जिस पर वहां मौजूद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने बीच बचाव कर साकची थाना को सूचना दी, जहां पुलिस पहुंचने पर कुंदन और उसके परिवार वालों ने मारपीट में विकास और सागर का भी संलिप्त होना बताया। जिस पर पुलिस ने विकास और सागर को आरोपी बनाकर जेल भेज दिया। इसे लेकर परिवार वालों का कहना है कि घटना के समय विकास मंडल और सागर और अनीश घर में थे उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाते हुए घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष दोनों को रिहा करने की मांग की।




