रांची : झारखंड के सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत कनावारा रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 524/33 और 524/35 के बीच राउरकेला से राँची आ रही एक मालगाड़ी के लगभग 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में 3 से 4 बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। घटना के बाद राँची–राउरकेला रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

रेल सुरक्षा बल (RPF) और बानो थाना पुलिस मौके पर पहुँचकर राहत व बचाव कार्य में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को चोट नहीं आई है। हालांकि, कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, जबकि कुछ को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं और ट्रैक बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।




