जमशेदपुर: रविवार की रात करीब 11 बजे डिमना-पटमदा मुख्य मार्ग पर हलुदबनी सिदो-कान्हु चौक के निकट एक दुर्घटना में दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। दोनों स्कूटी से लायलम गांव स्थित एक परिचित के घर जा रहे थे। एक युवक, दिनेश गोप, का दाहिना घुटना टूट गया और वह गंभीर स्थिति में लगभग एक घंटे तक वहीं पड़ा रहा।

ग्राम प्रधान विनय नरेश मुर्मू को खबर मिलने पर उन्होंने मदद के लिए एक व्यक्ति को भेजा, लेकिन आपातकालीन वाहन उपलब्ध न होने के कारण सहायता देर से पहुंची। घायल अमूल्य सिंह के तूरियाबेड़ा में रहने वाले चाचा ने निजी वाहन से पहुंचकर दोनों को करीब रात 12 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अमूल्य सिंह सीधाडांगा जबकि दिनेश गोप माटीगाड़ा का निवासी है। दिनेश एक निजी कंपनी में कार्यरत मजदूर है और उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। उसकी पत्नी सोमवार को अस्पताल पहुंची। घर में तीन छोटे बच्चे हैं, जिससे इलाज कराना कठिन हो गया है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश को रिम्स रेफर किया। फिलहाल परिजन उसे वहां लेकर रवाना हो चुके हैं। वाहन की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। मंत्री रामदास सोरेन को इस बारे में सूचित किया गया है।




