Saraikela (संजीव मेहता) : सावन मास की पवित्र शुरुआत 11 जुलाई से हो चुकी है और आज 14 जुलाई को सावन की पहली सोमवारी है. इस विशेष अवसर पर शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. तड़के सुबह से ही शिवभक्त लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित कर रहे हैं. खरकई नदी से जल लेकर पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे श्रद्धालु, आदित्यपुर ही नहीं, जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से भी भक्तजन महादेव के दर्शन के लिए विभिन्न पहाड़ी मंदिर पहुंच रहे हैं. कई श्रद्धालु स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मंदिर पहुंचे. सावन की पहली सोमवारी पर मंदिर परिसर “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज रहा है. 
वातावरण भक्तिमय हो गया है और श्रद्धालुओं में पहली सोमवारी को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है. महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत हर वर्ग के श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर नजर आए. आसपास के अन्य शिव मंदिरों में भी पूजा और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है.




