सरायकेला:(संजीव मेहता) : आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरुडीह बस्ती में बिजली कनेक्शन को लेकर शुक्रवार की सुबह ध्रुव सिंह नामक व्यक्ति की बस्तीवासियों ने सामूहिक पिटाई की है. ध्रुव सिंह को गंभीर रूप से घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना में पिटाई करने वाले बस्तीवासियों के द्वारा ही ध्रुव सिंह पर बिजली कनेक्शन के नाम पर प्रति घर 1100-1100 रुपये मांगने और देने पर बिजली कनेक्शन डिस्कनेक्ट करने का आरोप लगाया गया है, साथ ही ध्रुव सिंह पर बस्ती में दादागिरी जमाने का भी आरोप बस्ती वासियों द्वारा लगाया गया है. थाना में हुई लिखित शिकायत में मुख्य शिकायत कर्ता बस्ती के अरूण श्रीवास्तव हैं जिनके साथ सामुहिक रूप से 20 महिला पुरुषों ने लिखित शिकायत पर हस्ताक्षर किए हैं. बता दें कि मीरुडीह बस्ती का विस्तार वन विभाग की जमीन पर हो रहा है जिसपर बिजली विभाग के द्वारा कनेक्शन भी दी जा रही है.

सूत्रों के अनुसार मारपीट की घटना की वजह बिजली कनेक्शन जबरन काटा जाना है. चूंकि बस्ती में बिजली का पोल और तार खिंचवाने का श्रेय ध्रुव सिंह को है जो कनेक्शन लेने वाले परिवार से 1100-1100 रुपये वसूल रहे हैं. आज सुबह पैसे नहीं देने वाले परिवारों का ध्रुव सिंह के द्वारा कनेक्शन काटा जाना है, जिसके वजह से बस्तीवाले गोलबंद होकर उनकी पिटाई कर दिए हैं. थाना सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार अबतक दूसरे पक्ष ध्रुव सिंह के द्वारा थाना में शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है. पुलिस दोनों पक्षों पर नजर जमाये हुए है और बस्ती में शांति बहाली कायम रखने की अपील की है.




