सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने पांच फरार वारंटीयो को गिरफ्तार कर न्याय हिरासत में भेज दिया है। विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच गैर-जमानती वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जीआर संख्या-153/17 के विकास पासवान (बंतानगर), एसटी संख्या-107/20 के भोला लोहार (इच्छापुर), सीएस संख्या-211/21 के रवि रंजन त्रिपाठी (बाबा आश्रम कॉलोनी), इलेक्ट्रिसिटी केस संख्या-29/19 के संतोष कुमार (रोड नंबर-5) तथा पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के जीआर संख्या-2295/14 के सुरेश अधिकारी (राहरगोड़ा लाइन टोला) शामिल हैं। सभी अभियुक्त आरआईटी थाना क्षेत्र के निवासी हैं और विभिन्न मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे।

पुलिस ने गुप्त सूचना एवं सघन छापेमारी अभियान के दौरान सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आर आई टी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों, अपराधियों एवं कानून से बचने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अभियानों का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।






