सरायकेला (संजीव मेहता) : आरआईटी पुलिस ने प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी किये गए सोने, चांदी और नकद रुपये बरामद किए हैं. इस बात की जानकारी प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया ने दी. उन्होंने बताया कि दिलीप कुमार (पिता- कृष्ण कन्हैया प्रसाद), जो आदित्यपुर के बन्तानगर स्थित एलटी-64, हाउसिंग कॉलोनी के निवासी हैं, उन्होंने आरआईटी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर में चोरी की हुई है. सूचना मिलने के बाद आरआईटी पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए दिलीप कुमार के घर पहुंची और घर की घेराबंदी की. पुलिस ने घर की तलाशी ली और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान उसने चोरी की वारदात को स्वीकार किया और पुलिस को चोरी किए गए सामान की जानकारी दी.

पुलिस ने आरोपी के पास से सोने का कान का टॉप, चांदी का पायल, सोने की अंगूठी, सोने का गले का हार, 5000 रुपये नकद, ताला तोड़ने का रिंच और पलाश आदि बरामद किया है. चोरी की गई बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 2,50,000 रुपये बताई जा रही है. आरोपी का नाम श्याम कालिन्दी, उम्र करीब 19 वर्ष है. वह रोड नं0-19, बालाजी टॉवर, थाना-आरआईटी, सरायकेला-खरसावां का निवासी है. आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपनी वारदात को स्वीकार किया है और फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.




