रांची : झारखंड सरकार ने रिम्स के निदेशक डॉ. राजकुमार को गंभीर प्रशासनिक और आर्थिक गड़बड़ियों के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा है। नोटिस के अनुसार, निदेशक ने बिना उपयुक्त प्रक्रिया के 691 करोड़ रुपये राज्य को लौटा दिए, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यह धन आवंटित किया गया था।

एमएचए कोर्स में लिखित परीक्षा की अनिवार्यता के बावजूद वॉक-इन इंटरव्यू से दाखिले दिए गए, जिनमें निदेशक के बेटे का भी नाम है। कोर्स में छात्रवृत्ति का प्रावधान नहीं था, फिर भी 30 हजार रुपये मासिक की अनुशंसा की गई। इसके अलावा, एक करोड़ से अधिक के टेंडर को वित्तीय समिति की स्वीकृति के बिना प्रकाशित किया गया। कुछ अनुबंध प्रशासनिक स्वीकृति के बगैर जारी हुए, जो नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आते हैं। गवर्निंग बॉडी के निर्णय राज्य को भेजने में भी अनदेखी हुई। निदेशक पर आरोप है कि उन्होंने सेवा और क्रय से जुड़े निर्णयों को स्थायी समिति की स्वीकृति के बिना ही बैठक में रखा। डॉयग्नोस्टिक सेवा को विकल्प के बिना बंद करना और बकाया भुगतान में लापरवाही से आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यह सब सरकारी दिशानिर्देशों की अवहेलना को दर्शाता है।




