सारायकेला : गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में आरडी रबर रिक्लेम फैक्ट्री से जुड़े श्रमिक उत्पीड़न के मुद्दे पर त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई। इस चर्चा में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, बीडीओ अभय द्विवेदी, कोल्हान मजदूर यूनियन के प्रतिनिधि और श्रमिक मौजूद रहे। बैठक में श्रमिकों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की उपेक्षा और घायल कर्मचारी बजला टुडू के प्रति प्रबंधन की लापरवाही को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।

टुडू बीते छह वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे और काम के दौरान उनका हाथ कट गया। श्रम अधीक्षक ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बजला टुडू को नौकरी और ईएसआई योजना के तहत क्षतिपूर्ति मिलेगी। साथ ही बताया गया कि प्रबंधन उन्हें टीएमएच में इलाज उपलब्ध करा रहा है। फैक्ट्री इंस्पेक्टर कानूनी प्रक्रिया शुरू करेंगे। साथ ही, प्रबंधन, यूनियन और पूर्व विधायक अरविंद सिंह के साथ शीघ्र बैठक की जाएगी ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके। गौरतलब है कि श्रमिकों ने लंबित वेतन, पीएफ, ईएसआई कटौती और सुरक्षा चूक के विरोध में कार्य ठप कर रखा है। यूनियन की ओर से जगदीश नारायण चौबे, बसंत कुमार, अजय शर्मा मौजूद रहे।




