सारायकेला : गम्हरिया प्रखंड को आकांक्षी क्षेत्र घोषित किए जाने के बाद मिली उल्लेखनीय उपलब्धियों और प्रधानमंत्री पुरस्कार 2024 में प्रथम स्थान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में फ्रंटलाइन वर्कर्स सम्मान समारोह-02 का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर निष्ठा से काम कर रहे कर्मियों की मेहनत से यह मुकाम हासिल हुआ है। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, जलसहिया, एएनएम, स्वास्थ्य सहिया, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान और अन्य सहयोगियों ने अपने कार्यों से बदलाव लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह के दौरान इन सभी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनसे भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ काम करने की अपेक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता में अग्रणी इंदौर मॉडल से प्रेरणा लेते हुए योजनाओं को बेहतर ढंग से अमल में लाना होगा ताकि प्रखंड की रैंकिंग में निरंतर सुधार हो सके। इस आयोजन में डीडीसी आशीष अग्रवाल, बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी, सीओ कुमार अरविंद बेदिया, सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, बीईईओ सुब्रत महतो सहित बड़ी संख्या में कर्मी तथा प्रतिनिधि मौजूद रहे।




