रामगढ : रामगढ के पंजाब रेजिमेंटल सेंटर, रामगढ़ छावनी में 30 मई 2026 को अग्निवीर बैच- 7 की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। 24 सप्ताह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 1121 अग्निवीर रंगरूटों ने शानदार कदमताल और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए भारतीय सेना में अपने नए सफर की शुरुआत की। परेड की समीक्षा पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर सजेश बाबू पीजी ने की।
इस दौरान प्रशिक्षक, सैन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अग्निवीरों के परिजन मौजूद रहे। समारोह में सैन्य अनुशासन, टीम भावना, युद्ध कौशल और पंजाब रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं की झलक देखने को मिली। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अग्निवीरों ने कठिन शारीरिक अभ्यास, सामरिक युद्धाभ्यास, हथियार संचालन, ड्रोन प्रशिक्षण तथा मानसिक सहनशक्ति से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से उनमें नेतृत्व क्षमता, साहस, पेशेवर दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का विकास किया गया।

समारोह के दौरान ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक सहनशक्ति एवं समग्र प्रदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित भी किया गया। पासिंग आउट परेड के बाद सभी अग्निवीरों ने संविधान और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की शपथ लेते हुए भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अग्निवीरों के अभिभावकों के त्याग, सहयोग और प्रेरणा के सम्मान में उन्हें पारंपरिक गौरव पदक प्रदान किया गया। देशभक्ति, गर्व और उत्साह से ओत-प्रोत माहौल में संपन्न हुई यह परेड युवा अग्निवीरों के प्रशिक्षित और सक्षम सैनिक बनने की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई। अब ये सभी अग्निवीर पंजाब रेजिमेंट की विभिन्न बटालियनों में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार हैं।





