दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : आज दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोदी सरकार के नए निर्णयों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देश में जाति आधारित गणना कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने पूर्व में केवल सर्वेक्षण कराकर इसे अपने हित में उपयोग किया और वास्तविक जनगणना का विरोध किया।

वैष्णव ने कहा कि विभिन्न राज्यों में कराई गई जातीय गणनाओं से भ्रम की स्थिति बनी है, जबकि ऐसी जानकारी को आधिकारिक जनगणना का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब यह प्रक्रिया केंद्र सरकार के माध्यम से पारदर्शी ढंग से की जाएगी। कृषि क्षेत्र में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 2025-26 के लिए गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिससे कम दर पर खरीद नहीं की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, शिलांग से सिलचर के बीच 166.8 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला हाई-स्पीड राजमार्ग बनाने की परियोजना को भी हरी झंडी दी गई है, जिसकी लागत 22,864 करोड़ रुपये आंकी गई है।




