
रांची: खूंटी-चाईबासा सीमा पर हुए पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में भाकपा माओवादी संगठन का एरिया कमांडर बुधराम मुंडा मारा गया है। यह मुठभेड़ खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग स्थित साके के सर्वदा जंगल में गुरुवार की दोपहर हुई पुलिस से मुठभेड़ में मरा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची रेंज के डीआईजी अनुप बिरथरे के निर्देश पर जिला पुलिस और कोबरा बटालियन नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। इस बीच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।डीआईजी अनुप बिरथरे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है और सर्च अभियान जारी है। माओवादियों के जुटने की गुप्त सूचना पर जिला पुलिस, कोबरा और अड़की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। सर्वदा जंगल में पुलिस का माओवादियों से सामना हुआ, जिसके बाद माओवादियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बुधराम मुंडा मारा गया, जबकि बाकी माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
25 मई को झारखंड की चार सीटों पर लोकसभा चुनाव होने हैं, जिनमें रांची, धनबाद, गिरिडीह और जमशेदपुर की सीटें शामिल हैं। रांची लोकसभा क्षेत्र का इलाका खूंटी से सटा हुआ है, जिससे इस क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि नक्सली चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए जगह-जगह कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी संदर्भ में खूंटी पुलिस को कोचांग के पास जंगल में माओवादियों के मूवमेंट की सूचना मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए यह मुठभेड़ हुई।




