सरायकेला : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आज ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मिलन चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी अजय तिवारी ने किया। जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से बचाव, ट्रैफिक सिग्नल के पालन और अन्य महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर जरूरतमंद वाहन चालकों को हेलमेट भी वितरित किए गए, जिससे वे सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकें। स्थानीय लोगों ने यातायात थाना प्रभारी अजय तिवारी की इस पहल की सराहना की और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। इस जागरूकता अभियान में पुलिसकर्मियों के साथ कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। यातायात पुलिस प्रशासन ने आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखने की बात कही, ताकि सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाया जा सके।




