चांडिल : जिला खनन विभाग और चांडिल थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मौजा भादुडीह में अवैध पत्थर उत्खनन और भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की। इस छापेमारी में विभिन्न स्थानों से करीब 1900 सीएफटी अवैध रूप से संग्रहित पत्थर जब्त किए गए। इसके अलावा, अवैध रूप से पत्थर लदे एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई में खनन विभाग, चांडिल थाना प्रभारी एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे। टीम ने इलाके में गहन जांच-पड़ताल की और अवैध खनन से जुड़े कई अहम साक्ष्य जुटाए। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि सरकार के राजस्व को भी भारी क्षति हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए पत्थरों और ट्रैक्टर को कानूनी प्रक्रिया के तहत सीज कर लिया गया है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।




