गिरिडीह : गिरिडीह जिले के अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिझैया गांव में एक युवक हथियार लेकर संदिग्ध रूप से घूम रहा है। इस पर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक टीम बनाई और गांव में छापेमारी की गई।

छापामारी के दौरान नीला शर्ट और जीन्स पहने एक युवक को देखकर संदेह हुआ। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे भुखन महतो के आंगन में दबोच लिया गया। पूछताछ में युवक की पहचान चंदन कुमार वर्मा (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई, जो जमुआ थाना क्षेत्र के जोरासांख गांव का निवासी है। उसके पास से एक देशी कट्टा और लोडेड गोली बरामद हुई, साथ ही एक ओप्पो मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें एयरटेल सिम था। पुलिस ने सभी वस्तुएं जब्त कर लीं और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बेंगाबाद थाना में 06 जून 2025 को उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध की एक बड़ी योजना विफल हो गई।




